रांची : राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र स्थित मानकीढीपा रिंग रोड के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय कमलेश कुमार के रूप में हुई है।
वह टाटीसिल्वे की एक आइसक्रीम फैक्ट्री में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था और फिलहाल अनगड़ा के हाहे गांव में अपने रिश्तेदार के घर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि कमलेश की शादी 25 अप्रैल को ही हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि यह दर्दनाक घटना सामने आ गई। नई-नई शादी के बाद परिवार में मातम छा गया है।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रिंग रोड किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान हैं और उसके साथ क्रूरता भी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को रिंग रोड पर फेंक दिया गया।
कमलेश मूल रूप से बिहार के नवादा जिले का निवासी था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment