झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, 17-18 मई को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी | Ranchi Day झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, 17-18 मई को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी - Ranchi Day

Breaking

5/16/2026

झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, 17-18 मई को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

17-18 मई को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

रांची : झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। सुबह से दोपहर तक तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि शाम होते-होते कई इलाकों में तेज हवा और बारिश से मौसम सुहाना हो जा रहा है। दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को कभी गर्मी तो कभी राहत महसूस हो रही है।

राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है। सबसे अधिक गर्मी मेदिनीनगर में दर्ज की गई, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर, बोकारो और चाईबासा में भी तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।

15-16 मई को कई जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मई को पलामू और गढ़वा को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। कई जगहों पर बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

17 मई को तेज आंधी-तूफान की संभावना

17 मई को मौसम और ज्यादा उग्र रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और रांची समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। इसके अलावा गुमला और खूंटी में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment