झारखंड में नौ नगर निगमों सहित कुल 48 नगर निकायों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। इस चुनाव में कुल 6,979 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। खास बात यह रही कि इनमें 3,462 महिलाएं चुनावी मैदान में उतरी हैं।
महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 674 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 6,305 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।
अंतिम दिन बुधवार को 48 नगर निगम में कुल 2,588 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। इनमें 275 प्रत्याशियों ने महापौर व अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया, वहीं 2,313 प्रत्याशियों ने वार्ड पार्षद के लिए पर्चा भरा। महापौर व अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करनेवालों में करीब 42 प्रतिशत महिलाएं हैं, जबकि वार्ड पार्षद में 50.42% महिलाओं ने नामांकन किया।
महापौर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 674 नामांकन में 283 नामांकन महिलाओं ने दाखिल किए हैं। इसी तरह, वार्ड पार्षद के लिए कुल 6,305 नामांकन दाखिल हुए हैं, जिनमें 3,179 महिलाएं हैं। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि अभ्यर्थी छह फरवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। सात फरवरी को अभ्यर्थियों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन होगा।

No comments:
Post a Comment