जमुई जिले के जिलाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) को निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए राज्यस्तरीय “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड-2025” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 25 जनवरी 2026 को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में दिया जाने वाला यह प्रतिष्ठित पुरस्कार निर्वाचन प्रबंधन, पारदर्शिता, नवाचार और मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। जिलाधिकारी श्री नवीन को यह सम्मान उनके कुशल नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण भाव से जिले में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान जिले में आईटी आधारित मॉनिटरिंग, सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधन, प्रभावी चुनाव संचालन, सुलभ मतदान केंद्रों की व्यवस्था तथा व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान का सफल क्रियान्वयन किया गया। इन पहलों ने न केवल निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ किया, बल्कि मतदाताओं की भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। प्रशासनिक रणनीति और जमीनी स्तर पर समन्वय के बेहतर तालमेल ने जमुई को राज्य के अग्रणी जिलों में स्थान दिलाया।
बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। जिले के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय मानी जा रही है।
इसी क्रम में चकाई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार को भी निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। उनके द्वारा किए गए प्रभावी प्रबंधन और निर्वाचन कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन की भी राज्य स्तर पर सराहना की गई है।
जिलाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी के सम्मानित होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासनिक महकमे एवं आम नागरिकों में हर्ष का वातावरण है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने इसे जमुई जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
No comments:
Post a Comment