मोतिहारी/गोपालगंज:
दुनिया के सबसे विशाल शिवलिंग की स्थापना बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित कल्याणपुर प्रखंड के कैथवलिया गांव के जानकीनगर में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में की जाएगी। इस पवित्र शिवलिंग के बिहार आगमन से पूरे राज्य में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बन गया है।
यह भव्य शिवलिंग 21 नवंबर को तमिलनाडु के महाबलीपुरम से विशेष वाहन द्वारा रवाना किया गया था। करीब 38 दिनों की लंबी यात्रा के दौरान यह शिवलिंग तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होते हुए बिहार में प्रवेश कर चुका है।
शनिवार को शिवलिंग गोपालगंज जिले में पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन किए। लोगों ने तिलक लगाकर आरती उतारी और फूल-अक्षत अर्पित कर पूजा-अर्चना की। शिवलिंग के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शिवलिंग के आगमन को लेकर आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, विराट रामायण मंदिर में दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना से बिहार धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
No comments:
Post a Comment